लापता मानसिक विक्षिप्त महिला सात महीने बाद परिवार से मिली, पुलिस व जिला प्रशासन की कोशिशें रंग लाईं
झारसुगुड़ा: ओडिशा के झारसुगुड़ा जिला प्रशासन और पुलिस के संयुक्त प्रयासों से एक बेसहारा और मानसिक रूप से बीमार महिला सात महीने बाद आखिरकार अपने परिवार से मिल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत 3 मार्च को लाइकेरा पुलिस ने झारसुगुड़ा जिले के लाइकेरा थाना अंतर्गत झिरलापली इलाके से एक बेसहारा और मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला को रेस्क्यू किया था। महिला को सुरक्षित बचाने के बाद प्रशासन ने तुरंत उसके इलाज और पुनर्वास की व्यवस्था की। इसके साथ ही पुलिस लगातार उसकी पहचान और घर का पता लगाने के प्रयासों में जुट गई थी।
पश्चिम बंगाल की रहने वाली है महिला
सघन प्रयासों के बाद पुलिस ने महिला की पहचान स्थापित करने में सफलता हासिल की। महिला का नाम माधुरी है और वह पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के हंसखाली थाना क्षेत्र स्थित पटिकाबारी की रहने वाली है। पहचान सुनिश्चित होने के तुरंत बाद झारसुगुड़ा पुलिस ने पश्चिम बंगाल में उसके परिवार से संपर्क किया।
बेटी को सौंपी गई मां
मां के सुरक्षित मिलने की खबर पाते ही माधुरी की बेटी उसे वापस ले जाने के लिए झारसुगुड़ा पहुंची। झारसुगुड़ा जिला सामाजिक सुरक्षा अधिकारी सुनील कुमार नायक की उपस्थिति में सभी आवश्यक दस्तावेजों और कागजी कार्रवाई की जांच की गई। इसके बाद माधुरी को सुरक्षित रूप से उसकी बेटी के सुपुर्द कर दिया गया।
सात महीनों से लापता मां को वापस पाकर भावुक हुए परिवार ने झारसुगुड़ा पुलिस और जिला प्रशासन का दिल से आभार व्यक्त किया है और जिला में सभी वर्गो में जिला प्रशासन के इस काम की प्रशंसा की जा रही है।