ओडिशा में फेक न्यूज और अफवाहों पर कसेगा शिकंजा, नई सोशल मीडिया नीति लाएगी माझी सरकार!
भुवनेश्वर: ओडिशा सरकार जल्द ही डिजिटल प्लेटफॉर्म के उपयोग को विनियमित करने के लिए एक नई सोशल मीडिया नीति और फैक्ट-चेकिंग (तथ्य-जांच) ढांचा तैयार करेगी। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने राज्य में डिजिटल प्लेटफॉर्म के सही और सुरक्षित उपयोग के संबंध में दिशा-निर्देशों पर व्यापक चर्चा के बाद यह घोषणा की है।
मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, इस नई नीति का मुख्य उद्देश्य सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों, फेक न्यूज (फर्जी खबरों) और घृणाभाषण (हेट स्पीच) पर प्रभावी ढंग से रोक लगाना है। सरकार एक ऐसा मजबूत फैक्ट-चेक मैकेनिज्म तैयार कर रही है, जिससे किसी भी भ्रामक जानकारी की तुरंत पहचान कर उस पर कानूनी कार्रवाई की जा सके।
मुख्यमंत्री माझी ने कहा कि डिजिटल युग में सोशल मीडिया शासन और जनता के बीच संवाद का एक सशक्त माध्यम बन चुका है। हालांकि, इसके दुरुपयोग से कानून-व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द बिगड़ने का खतरा भी रहता है। नई नीति के तहत सरकारी सूचनाओं के सही प्रसार को सुनिश्चित किया जाएगा और प्लेटफॉर्म्स की जवाबदेही तय की जाएगी।
इस नीति के लागू होने से राज्य में डिजिटल सुरक्षा मजबूत होगी और सरकारी योजनाओं की सटीक जानकारी सीधे नागरिकों तक पहुंच सकेगी।