छत्तीसगढ़ के रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा को राष्ट्रीय पुरस्कार, 11 नवंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु करेंगी सम्मानित
रायपुर: छत्तीसगढ़ के शहरी स्वच्छता मॉडल ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी धाक जमाई है। ‘स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26’ में छत्तीसगढ़ के तीन शहरों— राजधानी रायपुर, बिलासपुर और नगर पंचायत बिल्हा को राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए चुना गया है। आगामी 11 नवंबर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित होने वाले एक भव्य समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु इन तीनों शहरों को स्वच्छता के राष्ट्रीय सम्मान से नवाजेंगी। केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने इस गौरवपूर्ण चयन की आधिकारिक जानकारी पत्र के माध्यम से राज्य सरकार को दी है
डिजिटल निगरानी और जनता की राय से हुआ चयन
इस वर्ष का यह सर्वेक्षण काफी खास रहा क्योंकि स्वच्छ सर्वेक्षण के इस 10वें संस्करण की थीम ‘स्वच्छता की नई पहल – हाथ मिलाएं, साथ मिलकर साफ करें’ रखी गई है। केंद्रीय मंत्रालय ने इस बार मूल्यांकन के तरीकों में बड़ा बदलाव करते हुए नागरिकों के फीडबैक (जनता की राय) का वेटेज काफी बढ़ा दिया था, जहां लोगों ने सालभर ऐप, पोर्टल और क्यूआर कोड के माध्यम से अपनी राय साझा की। इसके अलावा, देश भर में 3,000 से अधिक प्रशिक्षित मूल्यांकनकर्ताओं के जरिए 45 दिनों तक कड़ा मैदानी सर्वे किया गया और जांच-सत्यापन के लिए जीपीएस-आधारित डिजिटल निगरानी की मदद ली गई।
मंच पर सफाई मित्र भी ग्रहण करेंगे सम्मान
11 नवंबर को विज्ञान भवन में होने वाले इस गरिमामयी समारोह में हर शहर से चार प्रतिनिधि मंच पर सम्मान ग्रहण करने पहुंचेंगे। केंद्रीय मंत्रालय के विशेष निर्देश पर इस बार राज्य और शहर के प्रतिनिधिमंडलों में ‘सफाई मित्रों’ (सफाई कर्मचारियों) को भी शामिल किया गया है, ताकि उनके जमीनी योगदान को सीधे सराहा जा सके। प्रतिनिधिमंडल में सफाई मित्रों के साथ-साथ स्वच्छता निरीक्षक, पर्यवेक्षक और इंजीनियर भी मंच पर मौजूद रहेंगे। समारोह में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और राज्य मंत्री तोखन साहू समेत कई वरिष्ठ अधिकारी हिस्सा लेंगे।
मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री ने दी बधाई
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस बड़ी उपलब्धि पर तीनों शहरों के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, नगरीय निकायों के अधिकारियों-कर्मचारियों और विशेष रूप से सफाई मित्रों को बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने कहा, “यह सम्मान हमारे सफाई मित्रों की दिन-रात की मेहनत और जनता की सक्रिय भागीदारी का ही परिणाम है।” वहीं, राज्य के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने खुशी जताते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर राज्य के तीन शहरों का चुना जाना हमारे सामूहिक प्रयासों की सफलता को दर्शाता है और यह गौरव प्रदेश के अन्य नगरीय निकायों को भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।